सकलडीहा। मिर्जापुर के चुनार तहसील के जादवपुर गांव के किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को भाकियू के पदाधिकारियों ने तहसील मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चुनार एसडीएम के निलंबन के साथ किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा और पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
दिल्ली से हावड़ा तक रेल कॉरिडोर का कार्य चल रहा है। जीवनाथपुर से मिर्जापुर तक के किसान निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों चुनार एसडीएम ने जादवपुर के किसानों की बोई फसल को जेसीबी लगाकर बर्बाद कर दिया। वहीं विरोध करने पर लाठीचार्ज कर पिटाई करवाई। जिससे कई किसान घायल हो गए हैं। घटना से क्षुब्ध भाकियू के पदाधिकारियों ने तहसील मुख्यालय के समीप प्रदर्शन करते हुए चुनार एसडीएम के िनिलंबन की मांग की। इसके साथ ही लाठी चार्ज करने वालों पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा और किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीवना चन्द्र चौधरी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट भी प्रकट की गई। इस मौके पर किसान नेता जितेन्द्र तिवारी, रामअवतार सिंह, मनोज यादव, जमुना चौबे, विनोद पांडेय, विजेन्द्र तिवारी, प्रेमनारायण मौर्य, प्रभावती, फूलमति मौजूद रहे।