पीडीडीयू नगर। उत्तर मध्य रेलवे मजदूर यूनियन के बैनर तले प्रयागराज डिविजन के लोको पायलट ने 22 सूत्री मांगों के समर्थन में सोमवार को पीडीडीयू नगर के रनिंग रूम (लॉबी) के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से लोको इंजन में लगा सीसीटीवी कैमरा हटाने और उसमें एसी लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने लोको पायलट और गार्ड को शौच और भोजन के लिए ब्रेक देने, आराम के बाद ही लोको पायलट और गार्ड की ड्यूटी लगाने की मांग की। कर्मचारी नेता शशिकांत दूबे ने कहा कि फेडरेशन के आह्वान पर देश भर के सभी क्रू एवं गार्ड लॉबी पर रनिंग कर्मचारियों की दिक्कतों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मालगाड़ी के चालक दल के लिए आठ घंटे और कोचिंग ट्रेन चालक दल के लिए छह घंटे की ड्यूटी सीमित करने, साप्ताहिक आराम 46 घंटे करने, 14 घंटे के भीतर मुख्यालय वापस लौटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने आदि की मांग की। प्रदर्शन में मुकेश कुमार, रंजीत कुमार, सुरेंद्र यादव, चितरंजन कुमार, हेमंत कुमार, शंभूनाथ राम, मुकेश कुमार, नागेश्वर राव, धर्मेंद्र कुमार, सोनू प्रतीक, संजीव यादव, समरेंद्र सुमन, रविकांत कुमार, विजय कुमार आदि शामिल रहे।