शहाबगंज। चकिया विकास खंड के ग्राम पंचायत कुआं गांव में शासन की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में वित्तीय अनियमितता के खिलाफ ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी और कमिश्नर को दिया। इसके साथ ही निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामपंचायत के जहांगीर,त्रिवेणी, तुलसी, मिथिलेश, श्यामदेव, शिवपूजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुआं गांव में भभुआर और लालपुर गांव आते हैं । इन गांवों में शौचालय, आवास का वितरण अपात्र लोगों को कर दिया गया। मनरेगा के तहत कोई कार्य नही कराने के बाद भी फर्जी स्टीमेट व कागजात लगाकर भुगतान लिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि कुआं गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कोई मॉडल शौचालय नहीं होने के बावजूद भी मॉडल शौचालय के नाम पर सरकारी धन निकाला गया। वहीं ह्यूम पाइप,स्ट्रीट लाइट के नाम पर भी धोखाधड़ी करके धन का बंदरबांट की गई है। आरोप लगाया कि ऐसे लोगों का जॉब कार्ड बनाया हुआ है जो कभी कार्य करने जाते ही नहीं, जबकि उनके खाते में भुगतान का पूरा पैसा आ जाता है ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए मांग किया की है कि टीम गठन कर गांव में किये गये कार्यो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।