पड़ाव। जलीलपुर पुलिस चौकी अंतर्गत एक आश्रम के समीप बृहस्पतिवार की सुबह रामनगर मलहिया बस्ती निवासी लकड़ू साहनी (40) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। लकड़ू बुधवार को अपनी मौसी का दाह संस्कार करने आया था। वहीं शव मिलने के बाद दो थानों की पुलिस के बीच सीमा विवाद के चलते शव कई घंटे पड़ा रहा। बाद में जलीलपुर पुलिस चौकी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रामनगर के मलहिया बस्ती निवासी लकड़ू साहनी बुधवार को दिन में अपनी मां तारा देवी, भाई बच्चा साहनी के साथ सूजाबाद में अपने मौसी के दाह संस्कार में शामिल होने आया था। दाह संस्कार के बाद अपने परिजनों के साथ वापस अपने घर जा रहा था। इसी बीच कुछ सोचकर उसने मां से कहा कि आप लोग चलिए मैं कुछ देर बाद आता हूं। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की लेकिन उसका पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह लोगों ने सड़क के किनारे व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ लोगों ने लकड़ू की पहचान कर परिजनों और रिश्तेदारों को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लकड़ू की मौत की सूचना पर पत्नी बबली, बच्चे सोनाली (सात), गोलू (5), माता तारा देवी का रो रोकर हाल बेहाल है।