गंज ख्वाजा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर रविवार को गैस लदे खड़े ट्रक से चीनी लदी डीसीएम टकरा गई। इस दुर्घटना में डीसीएम के चालक और खलासी वाहन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
लखीमपुर खीरी निवासी चालक जितेंद्र (30) और खलासी सीतापुर खैराबाद निवासी सर्वजीत (26) डीसीएम पर चीनी लादकर बिहार जा रहे थे। रास्ते में गंज ख्वाजा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर पहले से एक्सेल खराब होने के कारण गैस लदा ट्रक खड़ा था।
ट्रक के पीछे पहुंचते ही डीसीएम के चालक को झपकी आ गई। इससे डीसीएम ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में डीसीएम क्षतिग्रस्त हो गई और चालक और खलासी केबिन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की सहायता से दोनों को डीसीएम के केबिन से बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। अलीनगर एसओ विनोद मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर भेजा गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।