जिले में सोमवार से तीन दिवसीय दुर्गा पूजा मेला की शुरुआत होगी। 280 पंडालों में रविवार की शाम मां दुर्गा, गणेश, कुमार कार्तिकेय, माता लक्ष्मी और माता सरस्वती की प्रतिमाएं पहुंच गईं। सोमवार को प्रतिमाओं से पट हट जाएंगे और पंडालों में दर्शन पूजन शुरू हो जाएगा। घरों में माता के छठें स्वरूप मां कात्यायिनी की पूजा अर्चना की गई। नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, मानस नगर, राम मंदिर, परमार कटरा, गल्ला मंडी, जायसवाल भवन, गुरूद्वारा, रविनगर, पटेल नगर, गया कॉलोनी, सेंट्रल कॉलोनी, लॉठ नंबर एक, लाॅठ नंबर दो, बिछुआ मंदिर, डीजल कॉलोनी, अमोघपुर, चंदासी, पड़ाव आदि स्थानों पर पूजा पंडाल बनाए गए हैं। इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी में व्हाइट हाउस की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है। चंदासी में मां कामाख्या देवी, पड़ाव में काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रवेश द्वार, जलीलपुर में केदारनाथ और सूजाबाद के पंडाल में ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखेगी। पंडालों के आस पास आकर्षक सजावट की गई है। इसी तरह चकिया, नौगढ़, शहाबगंज, चंदौली, सकलडीहा, धानापुर में भी आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। रविवार की शाम पूजा समिति के सदस्यों ने जयकारे के बीच दुर्गा प्रतिमा को पंडालों में पहुंचाया। सोमवार को प्रतिमाओं से पट हट जाएगा और दर्शन पूजन शुरू हो जाएगा।
इनसेट-
भक्ति गीतों से गुलजार रहा नर्वदेश्वर महादेव मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
कंदवा। क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार की रात देवी जागरण और भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने भजन प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। उद्घाटन प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने दीप जलाकर किया। रामपुर गांव के नर्वदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में देवी जागरण और भजन कार्यक्रम में विक्की तिवारी छोटा पागल, धीरज तिवारी और मुस्कान पांडेय ने प्रस्तुति दी। इस दौरान रिपुदमन सिंह, जनक सिंह, राजेश सिंह, दीपक सिंह, विक्की शर्मा माैजूद रहे। संवाद