अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में सोमवार
की दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे आक्सीजन सिलिंडर फटने से एक ठेकेदार की मौत
हो गई, वहीं तीन लोग घायल हो गए।
तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार
कराने के बाद छोड़ दिया गया। थानाध्यक्ष अलीनगर अरुण कुमार यादव ने कहा कि
इस संबंध में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर दी गई तो
मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
नर्सिंग होम के तीसरे तल पर स्थित
आपरेशन थियेटर में बिछाई जा रही आक्सीजन पाइप लाइन को चेक करने के लिए
निचले तल से लखनऊ निवासी ठेकेदार रियाज (27) आक्सीजन सिलिंडर लेकर सीढ़ी से
ऊपर जा रहा था। इसी बीच सिलिंडर उसके हाथ से फिसलकर नीचे गिर पड़ा और तेज
आवाज के साथ फट गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं अस्पताल का
कर्मचारी मुन्ना (20) एवं अन्य दो लोग घायल हो गए। नर्सिंग होम के संचालक
डा. विनोद बिंद ने तीसरे तल पर आपरेशन थियेटर में आक्सीजन पाइपलाइन लगाने
का ठेका अलीगंज लखनऊ की मेडिटेड कंपनी को दिया गया था।
कंपनी ने अपने
ठेकेदार रियाज को एक सहयोगी के साथ सोमवार को ही हास्पिटल में पाइप लाइन
बिछाने के काम पर लगाया था। विस्फोट इतना जोरदार था कि पास के कमरे की
खिड़की का कांच व दरवाजे का एंगल भी टूट गया। थोड़ी देर के लिए नर्सिंग
होम में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
सूचना पाकर मौके पर सीओ सदर राजेश
तिवारी, थानाध्यक्ष अरुण कुमार यादव एवं अग्निशमन दल के कर्मचारी घटनास्थल
पर पहुंच गए।
पीड़ित परिवार से सहानुभूति
नर्सिंग होम
संचालक के भाई डा. विजयमल बिंद ने कहा कि नर्सिंग होम के तीसरे तल पर
आक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का ठेका लखनऊ की मेडिटेड कंपनी को दिया गया था।
पूरा कार्य उन्हीं के कर्मचारी की देखरेख में आज आरंभ हुआ था कि यह दुखद
घटना हो गई।
इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हमारी सहानुभूति है।
इनसेट
नर्सिंग होमों को कराना होगा रिन्यूअल
मुख्य
चिकित्साधिकारी डा. आरएन सिंह ने कहा कि गोधना स्थित निजी चिकित्सालय का
रजिस्ट्रेशन 2012 में कराया गया था।
सुप्रीम कोर्ट के नए निर्देश के बाद
सभी निजी नर्सिंग होम को हर वर्ष रिन्यूअल कराना होगा। इसी क्रम में सभी
नर्सिंग होम के संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा और 30 अप्रैल तक हर हाल
में रिन्यूअल कराना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर नर्सिंग होम के खिलाफ
कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मे चल रहे पैथालाजी सेंटरों की जांच कराई गई थी,
लेकिन निजी नर्सिंग होमों की जांच अभी नहीं कराई गई है।
इनसेट
कुछ समय पहले की थी पत्नी से बात
नियामताबाद।
ठेकेदार रियाज सोमवार की सुबह लखनऊ से आया था। विस्फोट के कुछ देर पहले
उसने अपनी पत्नी रूबीना से मोबाइल पर बात की थी। रियाज के बूढ़े पिता कल्लू
रिक्शा चालक हैं। यह संयोग ही था कि आक्सीजन सिलिंडर अस्पताल के गलियारे
में फटा।
यदि सिलिंडर वार्ड में या उसके आसपास फटता तो कई मरीजों की जान जा
सकती थी।
इनसेट
सचेत नहीं था प्रशासन
मुगलसराय। जिला प्रशासन
ने जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नर्सिंग होम खोलने
का परमिट तो दे दिया है।
जिसकी वजह से पूरे जनपद में हर जगह नर्सिंग होम
खुल रहे हैं। लेकिन नर्सिंग होमों में मानक के अनुरूप सुविधाओं और
स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता की जांच स्वास्थ्य विभाग नहीं कर रहा
है।यदि जांच पड़ताल पहले ही हो जाती तो शायद यह घटना न होती।