पीडीडीयू नगर स्थित पंजाब बैंक में जुटी भीड़।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। चार दिनों की बंदी के बाद बुधवार को बैंकों पर लटके ताले खुले तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बैंकों के खुलने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बैंक ग्राहकों की भीड़ से भरे रहे। वहीं विभिन्न बैंकों के एटीएम पर भी लोगों की लंबी कतार लगी रही। बैंकों में काफी भीड़ होने के कारण कई उपभोक्ताओं को बिना पूरा कार्य कराए वापस भी लौटना पड़ा।
शनिवार व रविवार की साप्ताहिक बंदी के बाद निजीकरण के विरोध में बैंककर्मियों ने सोमवार और मंगलवार को हड़ताल कर दी थी। इससे लगातार चार दिन बैंकों पर ताला लटका रहा। बैंकों के बंद रहने से जिले में लगभग तीन सौ करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ था। बैंकों के ताले खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बैंकों में काफी भीड़ रही। लोग पैसे निकालने व जमा करने के लिए घंटों कतार में खड़े रहे। सबसे ज्यादा परेशानी वृद्धों और महिलाओं को उठानी पड़ी। वहीं विभिन्न एटीएम के सामने भी लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। कई एटीएम में कुछ ही देर बाद पैसे खत्म हो जाने के कारण लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर भागते रहे। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।