चकिया स्थित यूनियन बैंक के बाहर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़।
- फोटो : CHANDAULI
इलिया। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए जाने का निर्देश बैंकों के सामने उमड़ने वाले उपभोक्ताओं पर बेअसर साबित हो रहा है। बैकों के खुलते ही इनके सामने उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग जा रही है। सोमवार को क्षेत्र के सैदूपुर स्थित बैंक आफ बड़ौदा व बड़ौदा यूपी बैंक के बाहर बड़ी संख्या में लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किये।
उसी समय बैंक आफ बड़ौदा के सामने पहुंचे एएसपी वीरेंद्र कुमार यादव लोगों की भीड़ देखकर बिफर गए। उन्होंने भीड़ लगाए खाताधारकों को चेताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर बैंक को बंद कराना पड़ेगा। एएसपी ने लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर दूरी बनाकर खड़े रहने का निर्देश दिया। बाद में उनके साथ के पुलिसकर्मियों ने सभी लोगों को एक मीटर की दूरी पर खड़ा कराया। उन्होंने बैंककर्मियों से भी शीघ्र गति से कार्य निबटाने को कहा। बैंक के बाहर व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों से कहा कि किसी भी स्थिति में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना होगा। सैदूपुर बाजार मे लॉकडाउन का प्रभाव नहीं दिख रहा है। शासन के निर्देश का पालन कराएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।