चंदौली स्थित निजी अस्पताल में भर्ती पत्नी के लिए ब्लड नहीं मिलने से मायूस बैठा पति।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। एक तरफ जनमानस की सेवा के लिए लोग पुलिस का सम्मान कर रहे हैं वही दूसरी तरफ कुछ पुलिसकर्मियों की उदासीनता के चलते लोगों की बड़ी मुसीबत बन जा रहेे है। सोमवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर स्थित नई सट्टी के पास एक युवक की बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया। युवक चंदौली स्थित एक निजी अस्पताल में बीमार पत्नी के लिए ब्लड लेने के लिए वाराणसी जा रहा था। बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जांच व ब्लड के सैंपल समेत कागजात भी दिखाए इसके बाद भी किसी का दिल नहीं पसीजा। बाद में वह वहां से पैदल ही चंदौली के लिए रवाना हो गया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के संघति गांव निवासी अभिषेक अपनी पत्नी अंजना का उपचार चंदौली स्थित एक निजी चिकित्सालय में करा रहे हैं। बताया कि सोमवार को चिकित्सक ने सलाह दी कि उसकी पत्नी के उपचार के लिए ब्लड की आवश्यकता है। जिस पर अस्पताल की ओर से ब्लड सैंपल व अन्य कागजात तैयार कर उसे दिए गए। जिसके बाद वह ब्लड लेने के लिए बाइक से वाराणसी के लिए रवाना हो गया। बताया कि जैसी वह मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र सब्जी मंडी के समीप पहुंचा तो देखा कि पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक भी रोक ली। बताया कि उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी के लिए ब्लड लेने वाराणसी जा रहा है। उसने वहां पुलिसकर्मियों को अस्पताल के कागजात समेत ब्लड का सैंपल भी दिखाया। इसके बाद भी उन पुलिसकर्मियों को दिल नहीं पसीजा और उसकी बाइक सीज कर दी। अभिषेक ने बताया कि बाइक सीज किए जाने के बाद वह मुगलसराय कोतवाली भी पहुंचा लेकिन वहां मौजूद किसी अधिकारी ने उसकी एक न सुनीं। बाद में वह पैदल ही चंदौली अस्पताल चला आया। इस संबंध में सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी में लोगों को छूट दी गई है। वहीं जांच के दौरान ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने के निर्देश भी दिए गए है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी।