भभौरा गांव में मंगलवार की दोपहर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के गेहूं के खेत में लगी आग को बुझाते ग्रामीण।
क्षेत्र के भभौरा गांव स्थित केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खेत में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। अगलगी में तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सहायता से फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। समय से आग बुझ जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया। नुकसान हजारों में बताया जा रहा है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह का खेत भभौरा ग्राम पंचायत के बहेलिया मौजा में है। खेत को गांव के ही गरीब किसान कृपा पाल, रविशंकर, गजारन, सर्वजीत और लालबहादुर पटवन पर खेती करते हैं। गेहूं की फसल खेत में खड़ी थी। मंगलवार को दोपहर बाद रहस्यमय परिस्थितियों में खेत में आग लग गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते कि फसल धू-धू कर जलने लगी।
खेतों को जलता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और दौड़ कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठियां पीट पीट कर आग बुझाना शुरू किया। इसी दौरान किसी ने सूचना फायर ब्रिगेड को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। जिसके चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया। अगलगी में तीन बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल गई।
ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू न पाया गया होता तो आसपास के खेत भी इसकी जद में आ जाते और बड़े नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता था। ग्रामीणों की मानें तो हजारों रुपये मूल्य की फसल जली है।