कानूनगो को गिरफ्तार करने के दौरान लिखापढ़ी करती टीम।
स्थानीय तहसील में भ्रष्टाचार निवारण की टीम ने मंगलवार को तहसील सभागार में पहुंच कर भूमि विवाद को सुलझाने के नाम पर पांच हजार रुपये घूस लेते कानूनगो को रंगे हाथों पकड़ लिया।
धरांव मड़ई गांव निवासी अधिवक्ता सतेंद्र श्रीवास्तव की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
धानापुर के कानूनगो सर्किल के धरांव मड़ई गांव निवासी सतेन्द्र श्रीवास्तव एडवोकेट ने अपने पिता विदुर श्रीवास्तव की भूमि की पैमाइश के लिये कई बार काननूगो श्यामनारायण प्रसाद से गुहार लगाई, लेकिन कानूनगो द्वारा बार -बार दौड़ाया जा रहा था। बाद में दस हजार रुपये में नापी करने की बात तय हुई। इसको लेकर अधिवक्ता सतेन्द्र श्रीवास्तव ने भ्रष्टाचार निवारण टीम के उपाधीक्षक प्रेम शंकर दुबे से 24 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। चार दिन बाद कानूनगो को दो किस्तों में पैसा देने की बात हुई थी। मंगलवार की दोपहर में दो बजे पैसा लेने के लिये तहसील सभागार में कानूनगो ने बुलाया। पैसा देते ही भ्रष्टाचार टीम के सदस्यों ने रंगेहाथ पक़ड़ लिया।
इस बाबत उपाधीक्षक प्रेमशंकर दूबे ने बताया कि शिकायत कर्ता के आधार पर कानूनगो को पांच हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान निरीक्षक सरोज पांडेय, गोविंद बल्लभ जोशी, नरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश, पुनीत सिंह, अश्वनी पांडेय आदि रहे।