मोहल्ला चंपा देवी मंडी मरकज गंज में गेट निर्माण के विरोध में मोहल्लेवासी सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने गेट निर्माण कार्य रुकवा दिया।
आरोप है कि कुछ लोग कब्जे की नीयत से जबरन गेट का निर्माण कर रहे हैं। गजराज, जयप्रकाश, राजकुमार, विजयपाल सिंह, जाफरी, हसीना आदि का कहना है कि कुछ प्रभावशाली लोग पुलिस से हमसाज होकर मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर लोहे का गेट लगा रहे हैं।
मंगलवार को मोहल्लेवासियों ने विरोध करते हुए एसडीएम से शिकायत कर गेट का निर्माण रुकवा दिया और आरोपियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। जिस पर मजदूर और आरोपी भाग निकले।
मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि आरोपी पुलिस से हमसाज होकर जबरदस्ती मोहल्ले में कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रकरण में जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उधर, एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आने पर कब्जे को रुकवा दिया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।