जाली नोटों के साथ पकड़ा गया आरोपी
रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान रविवार की दोपहर जीआरपी ने एक लाख रुपये के जाली नोट के साथ एक युवक उस्मान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मालदा टाउन से जाली नोट लेकर दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया। युवक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के दुलियान गांव का निवासी है।
जीआरपी थाना इंचार्ज त्रिपुरारी पांडेय के अनुसार क्षेत्राधिकारी रेलवे वाराणसी कैंट शेषनाथ यादव के साथ वे प्लेटफार्मों पर चेकिंग कर रहे थे। प्लेटफार्म पांच और छह पर तीस वर्षीय एक संदिग्ध युवक दिखा। पुलिस कर्मियों ने उसके बैग की तलाशी ली तो पांच-पांच सौ के जाली नोटों की दो गड्डियां मिलीं। ये कुल एक लाख रुपये थे। युवक ने बताया कि उसे ये नोट दिल्ली ले जाकर किसी को देना था।
उस्मान ने स्वीकार किया कि वह जाली नोटों को मालदा टाउन से दिल्ली पहुंचाने के लिए कैरियर का काम करता है।
इसके पूर्व वह तीन बार में तीन लाख रुपये के जाली नोट दिल्ली पहुंचा चुका है। वह चौथी बार जा रहा था कि पकड़ा गया।