सकलडीहा। एसपी संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर गैंगेस्टरों और वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार की देर रात गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 12 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। एसपी ने आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र का गैंगेस्टर एक्ट में वांछित जौनपुर चंदवक थाना के बीरबारी गांव निवासी अरविंद यादव पर 12 हजार रुपये का इनाम घोषित है। शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि वह मनिहरा पुलिया के समीप किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना पर कोतवाल संतोष राय व क्राइम ब्रांच टीम ने पुलिस फोर्स के साथ उसकी घेराबंदी कर धर दबोचा। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी गैंगेस्टर एक्ट का वांछित है उसपर 12 हजार का इनाम है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय से जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में क्राइम ब्रांच टीम प्रभारी विनय तिवारी, अरशद खां, अजय यादव शामिल रहे।