शहाबगंज। थाना के अतायस्तगंज गांव में शनिवार को दोपहर में भूमि विवाद में पट्टीदारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और गड़ासा से हमला बोल दिया। पट्टीदारों के एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों और भतीजे पर धारदार हथियार से वार कर जख्मी कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी तीनों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में हमलावर पक्ष के दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछ ताछ कर है।
गांव निवासी पारस पांडेय का दस दिन पहले निधन हो गया। शनिवार को पारस पांडेय के भाई शिवानंद पांडेय (40), देवानंद पांडेय (30) और पुत्र गौरव पांडेय दशकर्म करने के बाद शनिवार को दोपहर में वापस लौट रहे थे। घर के समीप पहुंचे ही थे कि पट्टीदार ने कुछ बोली बोल दी। इस पर गौरव लाठी लेकर घर से बाहर निकल आया। यह देख शिवानंद और देवानंद बीच बचाव करने लगे। इसका फायदा उठाते हुए पट्टीदारों ने घर से गड़ासा लेकर आए और तीनों पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड हमले से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचते हमलावर वहां से भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां शिवानंद और देवानंद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने हमलावर पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ चकिया कुंअर प्रभात सिंह ने कहा कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।