मुगलसराय तहसील में बीते 16 अप्रैल को लेखपालों व अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में अलीनगर पुलिस ने मंगलवार को अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष सहित तीन लेखपालों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। लेखपालों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए वकीलों ने एसपी से गुहार लगाई थी।
दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के मामले को लेकर लेखपाल रितेश कुमार पांडेय व अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मामला मारपीट में बदल गई। इसमें लेखपाल रितेश घायल हो गए। लेखपाल की तहरीर पर अलीनगर थाने में चार अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वहीं अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार ने लेखपालों पर जातिसूचक शब्दों से गाली देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी लेकिन मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ। इसके बाद अधिवक्ताओं ने एसपी से मिलकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को अलीनगर पुलिस ने लेखपाल रितेश कुमार पांडेय, शैलेंद्र कुमार सिंह व लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष इंद्र प्रकाश मिश्रा के खिलाफ धारा 323, 504, 506 सहित एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।