नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर पचफेड़वा के समीप शुक्रवार की सुबह वाहन के धक्के से बाइक सवार पतियार शर्मा (22) पुत्र भोला शर्मा की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा हाईस्कूूल का छात्र अंकित (16) घायल हो गया। झांसी गांव निवासी भोला गांव के ही अंकित को परीक्षा दिलाने के लिए लाखापुर जा रहा था। बाइक सवार दोनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। घटना के बाद धक्का मारने वाला वाहन फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चंदौली सदर कोतवाली अंतर्गत झांसी निवासी अंकित हाईस्कूल का छात्र है और उसका परीक्षा केंद्र लाखापुर में बना है। शुक्रवार की सुबह अंकित गांव के ही अपने दोस्त भोला शर्मा का पुत्र पतियार के साथ परीक्षा देने के लिए बाइक से चला था। पतियार बाइक चला रहा था। सुबह सात बजे वे अभी अलीनगर अंतर्गत पचफेड़वा गांव के समीप पहुंचे थे कि पीछे की तरफ से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। इससे बाइक सवार दोनों सड़क के किनारे गिर पड़े। सिर में चोट लगने की वजह से पतियार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अंकित गंभीर रूप से जख्मी हो गया। शोर सुनकर जब तक लोग जुटते तब तक वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि मौत के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।