चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया गांव स्थित मां काली मंदिर का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात चोरों ने प्रतिमा के मुकुट सहित पीतल के घंटे व दान पेटी में रखे रुपये उड़ा दिए। शनिवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर मंदिर के पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
रात को पुजारी मौलवी यादव मंदिर बंद कर घर चले गए। रात के किसी समय चोर मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर घुस गए और मां काली की प्रतिमा की आंख, गले का हार, मांगटीका, नथिया, चांदी का मुकुट सहित दान पेटी में रखी नकदी व पांच पीतल के घंटे व पूजन सामग्री समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुजारी को तब हुई जब वह सुबह मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे। मंदिर का दरवाजा टूटा देख पुजारी सन्न हो गए। चोरी की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर पर एकत्र हो गई। उन्होंने पुलिस से चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।