जलेबिया मोड़ अधजला शव मिलने से सनसनी
अमर उजाला ब्यूरो
चकिया। कोतवाली अंतर्गत चकिया नौगढ़ मार्ग पर जलेबिया मोड़ पर मंगलवार की रात आठ बजे के करीब मार्ग के किनारे झाड़ियों में अधजला क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। पिछले दिनों पीतपुर गांव निवासी अपहृत व्यवसायी पुत्र के शव की आशंका पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर एएसपी नक्सल आपरेशन वीरेन्द्र यादव, सीओ कुंअर प्रभात सिंह, कोतवाली पुलिस के साथ शहाबगंज, नौगढ़ और बबुरी थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। शव के क्षत विक्षत होने की वजह से पहचान नहीं हो पा रही है।
मंगलवार की रात किसी ने फोन कर पुलिस को सूचित किया कि जलेबिया मोड़ पर झाड़ियों के पीछे किसी का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। शव के पैर गायब हो गए थे जबकि सिर पुरी तरह झुलसा हुआ था। सिर्फ धड़ का हिस्सा ही बचा हुआ था। शव के पास ही जला मोबाइल और एक जोड़ी चप्पल पड़ी थी। शव क्षत विक्षत होने की वजह से मृतक की पहचान नहीं हो पा रही है और उम्र का भी अंदाजा नहीं हो पा रहा है। वहीं जंगल में शव मिलने की सूचना पूरे इलाके में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। विशेष कर पांच दिन पहले पीतपुर गांव निवासी बबलु यादव का शव होने की बात फैल गई। इससे इलाके के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। सूचना पाकर एएसपी नक्सल नक्सल आपरेशन वीरेन्द्र यादव, सीओ कुंअर प्रभात सिंह, कोतवाली अश्वनी चतुर्वेदी के साथ शहाबगंज, नौगढ़ और बबुरी थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एएसपी नक्सल वीरेन्द्र यादव ने बताया कि शव बरामद किया गया है और मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है। फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शव की पहचान के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।