पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात औद्योगिक नगर क्षेत्र में एक ट्रक से 670 पेटी में 32160 शराब की शीशी बरामद की है। इस दौरान तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए तस्करों के पास से एक स्विफ्ट कार भी बरामद हुई है। बरामद शराब की कीमत लगभग तीस लाख रुपये है। यह खुलासा रविवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने मुगलसराय कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब हरियाणा की बनी हुई है, जो बिहार में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। इसने पास से दो तमंचा व चार कारतूस समेत 16 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए है। एसपी ने बताया कि इस गिरोह में पकड़ा गया आरोपी रोहित यादव बिहार प्रांत के बक्सर जिले का रहने वाला है। जबकि अंकित सिंह चंदौली जिले के मझवार गांव, दीपक सिंह और अनीस कुमार हिंगुतरगढ़ के रहने वाले है। आरोपी रविंद्र यादव हरियाणा प्रांत के गुड़गांव, सुखविंदर सिंह पंजाब प्रांत अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। इममें अंकित, दीपक और अनीस की जिम्मेदारी थी वह ट्रक को सुरक्षित तरीके से बिहार बार्डर तक पहुंचाते हैं। वहीं रोहित इस पूरे माल को प्राप्त करके बिहार प्रांत के अन्य क्षेत्रों में खपाने के लिए ले जाता है। पूछताछ में जानकारी हुई की बिहार में ले जाकर शराब दोगुने दामों पर बेची जाती है। पकड़े गए सभी आरोपियों को रविवार को जेल भेज दिया गया। शराब की बड़ी खेप बरामद करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को दस हजार रुपये ईनाम दिए जाने की घोषणा की। टीम में मुगलसराय कोतवाल शिवानंद मिश्रा, निरीक्षक सत्येंद्र यादव, योगेंद्र यादव, एसआई विनय कुमार तिवारी, भानू प्रताप सिंह, शिवाकांत पांडेय, राजकुमार पांडेय, विपिन सिंह, राकेश सिंह शामिल रहे।
पीडीडीयू नगर। अवैध तरीके से चंदौली के रास्ते बिहार भेजी जा रही शराब की बड़ी खेप लगातार पुलिस बरामद कर रही है। वर्ष 2018 में जनवरी से लेकर अब तक सात महीने के दौरान पुलिस ने 2.61 करोड़ की शराब बरामद की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने रविवार को मुगलसराय कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि वर्ष 2018 में शराब तस्करी के आरोप में अब तक 220 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं इनके पास से 28 बड़े वाहन और चार मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि जिले से होकर जाने वाली ज्यादातर शराब एमपी और हरियाणा की बनीं हैं।