नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुवास गांव में बुधवार की रात चोरों ने बिजेंद्र मिश्रा के घर से 30 हजार रुपये नकद सहित हजारों रुपये मूल्य के आभूषण और कपड़े चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया और जल्द ही चोरी के खुलासा करने का आश्वासन दिया।
गांव निवासी बिजेंद्र मिश्रा के भतीजी श्वेता का गौना शुक्रवार को है। परिवार वाले इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। बुधवार को बिजेन्द्र निमंत्रण देने के लिए अपने ससुराल चकिया गये थे। रात में उसकी पत्नी सुदामी, भाभी शीला व भतीजी श्वेता घर में सो रही थी। आधी रात के बाद चोर मकान के पीछे की दीवार के सहारे घर में घुस गए। चोरों ने कमरे का दरवाजा खोलकर उसमें रखे दो बक्से व एक अटैची छत पर ले जाकर उसमें रखे 30 हजार रुपये नगद, सोने के दो दो झुमका, सोने की एक सिकड़ी, चांदी की चार पायल, दो अंगूठी व पांच साड़ी चुरा लिए। सुबह जागने पर परिवार वालों को चोरी का पता चला। परिवार वालों के शोर मचाने पर आस पास के लोग एकत्र हो गए। भुक्तभोगी ने इसकी तहरीर अलीनगर थाने पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया।