स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तिलोरा बाजार निवासी राकेश सोनी (40) की गुरुवार को अबूझ हालत में मौत हो गई। मृतक की भाभी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने नामजद केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के विरोध में तिलोरा बाजार में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर घंटे भर बाद जाम समाप्त कराया।
तिलोरा बाजार निवासी राकेश की भाभी विमला देवी का आरोप है कि राकेश दोपहर में घर से बाजार की तरफ गए थे। वह शाम को करीब 5 बजे लौटकर आए तो बरामदे में पहुंचते ही जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विमला देवी का आरोप है कि राकेश की शराब पिलाकर हत्या की गई है। घटना के विरोध में लोगों ने तिलोरा बाजार में सड़क जाम कर दिया। घंटेभर बाद पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। विमला देवी की तहरीर पर पुलिस ने सोनहरा गाँव निवासी मुनिराज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।