160 डब्बा सुतली बम बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
पुलिस ने सकूराबाद में की छापेमारी
सचित्र-
अमर उजाला ब्यूरो
पीडीडीयू नगर। भदोही में पटाखा धमाके और पुलमावा में हुए आतंकी हमले के बाद स्थानीय पुलिस ने भी पटाखा बनाने व बेचने वालों की जांच पड़ताल तेज कर दी है। इस क्रम में बुधवार को लेढ़ुआ सकूराबाद गांव में एक पटाखा बनाने व बेचने वाले की दुकान में छापेमारी कर 160 डब्बा सुतली बम बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में बरामद बम के बारे में दुकानदार इधर-उधर घुमाकर जवाब दे रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और बरामद बम कोतवाली लाकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सुतली बम बनाए जाने की सूचना पर सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय के नेतृत्व में कोतवाल शिवानंद मिश्रा सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने गांव में पहुंचकर एक पटाखे की दुकान की जांच आरंभ कर दी। जांच में अन्य कंपनियों के पटाखों के बीच 160 डब्बों में सुतली बम पाए गए। सभी डिब्बों में 10-10 सुतली बम रखे हुए थे। पुलिस सुतली बम को कब्जे में कर दुकानदार अनवर अहमद को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। सीओ ने बताया कि बरामद सुतली बम की जांच कर संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजने के बाद नियमानुसार निष्प्रयोज्य करा दिया जाएगा।