चंदौली। चकिया पुलिस ने नगर के मोहम्दाबाद पास मंगलवार की सुबह एक अंतरप्रांतीय असलहा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को दो पिस्टल, मैगजीन व चार सौ रुपये नकदी बरामद किय। तस्कर अवैध असलहा लेकर बिहार के मुंगेर से इलाहाबाद बेचने जा रहा था। एसपी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अवैध असलहा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए चकिया कोतवाली पुलिस मुहम्मदाबाद के समीप मंगलवार को जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल ही छोला लेकर आते हुए दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने रोककर बैग की तलाशी ली, तो दो अवैध पिस्टल, मैगजीन व 400 रुपये नकदी बरामद हुए। गिरफ्तार तस्कर इलाहाबाद जिले के सरायइनायत थाना क्षेत्र के चक करीम गांव निवासी मनोज कुमार ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह पिछले काफी दिनों से अवैध असलहे की तस्करी कर रहा है। वह बिहार प्रांत के मुंगेर निवासी मुन्ना से 20 हजार रुपये में पिस्टल व रिवाल्वर खरीदकर चकिया के रास्ते मिर्जापुर होते हुए इलाहाबाद में 35 हजार रुपये में बेचता है। एसपी ने बताया कि मुंगेर से एके-47 राइफलों की भी सप्लाई की जाती है। इसको लेकर पुलिस गहनता के साथ छानबीन कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अश्वनी कुमार चतुर्वेदी, धनंजय मिश्रा, देवेंद्र साहू, जैनुद्दीन, शिवकुमार, सुनील कुमार गुप्ता शामिल रहे।