नौगढ़। विगत एक सितंबर से गायब वनरक्षक की पत्नी निशा देवी ने शनिवार को स्थानीय थाने में पति की दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट को खारिज करते हुए नई तहरीर दी है। नई तहरीर में उसने वन व वनभूमि पर कब्जा करने वाले अतिक्रमणकारियों पर पति को अगवा कर उसके पास का पैसा भी छीन लिए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही पति के एक सप्ताह के भीतर न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी है।
जंगल से गायब वनरक्षक दूधनाथ का पता लगाने के लिए उसकी पत्नी और पुत्र ने जय मोहनी रेंज कार्यालय पहुंचकर क्षेत्राधिकारी कुंजमोहन वर्मा को भी पत्रक सौंपा। उन्होंने गुमशुदगी की पहले दर्ज कराई गई रिपोर्ट को निरस्त कराकर अपहरण का मामला दर्ज कराने का अनुरोध किया। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर उसके पति का पता नहीं लगाया गया तो नौगढ़- मधुपुर मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी गायब पति का पता नहीं चला तो आत्मदाह भी कर सकती है।