इलिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के इलिया- चकिया मार्ग पर बसाढ़ी गांव के समीप बुधवार की सुबह सड़क पर जा रहे साइकिल सवार वृद्ध को ट्रक ने धक्का मार दिया। इससे साइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चकिया की ओर ट्रक लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों की सहायता से पकड़ लिया। वहीं घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बसाढ़ी गांव निवासी इसहाक हाशमी (65) साइकिल से सैदूपुर बाजार जा रहे थे। रास्ते में तेज गति से जा रहे एक ट्रक ने उनकी साइकिल में पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। इससे वे सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में कर लिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।ब्यूरो