सैयदराजा। क्षेत्र के जेठमलपुर स्थित काले शहीद मजार के एनएच पर रविवार की सुबह एक ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां तीन की हालत गंभीर बनी है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। बरंगा निवासी निठोहर ने ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बरगा निवासी सर्वजीत रविवार को ट्रैक्टर लेकर स्थानीय बाजार आ रहा था। बरंगा के संदीप कुमार, मनीष कुमार एवं शशि कुमार भी ट्रैक्टर पर बैठे थे। ट्रैक्टर ज्योंही मजार के समीप पहुंचा कि दिल्ली से कोलकाता चावल लादकर जा रहे ट्रक ने ट्रैक्टर में धक्का मार दिया। इससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर पर सवार चारो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल जुट गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।