पीडीडीयू नगर। नगर के न्यू सेंट्रल कालोनी में मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने महिला रेल कर्मी की सोने की चेन छीन ली। शोर सुनकर जब तक लोग जुटते बदमाश फरार हो गए। छिनैती की घटना से इलाके में दहशत है। हालांकि महिला ने थाने में इसकी सूचना नहीं दी है।
मंडल प्रबंधक कार्यालय में तैनात रेलकर्मी सुमन पांडेय का क्वार्टर न्यू सेंट्रल कालोनी में है। मंगलवार की रात दस बजे के करीब वह बाजार में गई थी और रात में घर वापस लौट रही थी। वह आटो रिक्शा में न्यू सेंट्रल कालोनी जाने वाले मोड़ पर उतरी। यहां वह क्वार्टर तक जाने के लिए रिक्शा खोज रही थी। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और पहुंचे सुमन पांडेय के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला शोर मचाती तब तक वह बाइक सवार वहां से अलीनगर की तरफ भाग निकले। महिला के अनुसार बाइक सवार बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। इससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। कालोनीवासियों का कहना है कि पुलिस की नियमित गश्त न होने की वजह से इलाके में चेन छिनैती जैसी घटनाएं हो रही है। (ब्यूरो)