नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाइवे स्थित गोधना चौराहे के समीप पुलिस पिकेट से पचास मीटर दूरी पर सिवान में रविवार की सुबह पुआल से ढके युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का सिर पत्थर से कुचला हुआ था। कई दिन पहले हत्या होने के चलते उसमें कीड़े पड़ गए थे। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, सीओ सदर समेत क्राइम ब्रांच व अलीनगर थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही सिवान में खून से सने पत्थर, शराब की शीशी और चप्पल भी बरामद किया है। पुलिस तीन से चार दिन पहले हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी शिनाख्त में जुटी है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के हाइवे अंतर्गत गोधना चौराहे स्थित सीवान में रविवार की सुबह कुछ ग्रामीण पहुंचे थे कि उन्हें वहां रखे पुआल से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद ग्रामीण जैसे ही पुआल के पास गए तो उसमें से किसी व्यक्ति के हाथ बाहर निकला देख सहम गए। युवक के दाहिने हाथ और सिर में चोट है। उसके शरीर पर काले रंग का टीशर्ट, आसमानी रंग की जंघिया और नीले रंग की जींस की पैँट पहने हुए था। उसके पैर में जूता चप्पल नहीं था। एक पैर के हवाई चप्पल शव के समीप पड़ा हुआ था जबकि दूसरे पैर का एक हवाई चप्पल वहां लगे कंटीले तार के बाड़ के उस पार था।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिवान से पचास मीटर दूरी स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। मौके पर पहुंचे सिपाही ने पुआल में शव पड़ने होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद एडिशनल एसपी देवेन्द्र नाथ, सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल, अलीनगर थाना प्रभारी अतुल नारायण सिंह, क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पड़ताल के दौरान पुलिस ने शव पर पड़े पुआल को हटाया तो देखा की शव सड़ चुका है और उसमें कीड़े पड़ चुके है। वहीं सिर को पत्थर से कुचल दिया गया है। इसके बाद आस पास छानबीन के दौरान पुलिस को खून से सना पत्थर, एक पैर की चप्पल और शराब की शीशी मिली। एडिशनल एसपी देवेंद्र नाथ ने बताया कि शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव समेत घटना स्थल से मिली सभी चीजों को एकत्र कर जांच की जा रही है।
मुगलसराय। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाइवे स्थित गोधना चौराहे के पास रविवार को सिवान में पुआल से ढका शव मिलने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। वहां मौजूद ग्रामीण इससे हैरान थे कि पुलिस पिकेट से मात्र पचास मीटर की दूरी पर युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई और पुलिस को इसकी भनक तक लगी। घटना स्थल के आसपास मिले खून से सने पत्थर और शराब की शीशी से आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने वाले करीबी रहे होंगे और पहले युवक को शराब पिलाई होगी इसके बाद नशे की हालत में होने पर उसकी सिर कूंचकर हत्या कर दी। पुलिस आशनाई, पुरानी रंजिश और जमीन विवाद मानकर मामले की जांच कर रही है।
गोधना चौराहे स्थित सिवान में पुआल से ढका शव के मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो जानकारी हुई कि शव के सिर के पीछे से पत्थर से प्रहार किया गया है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि हत्या करने वाले बाहरी रहे हों। सिवान में सुनसान स्थान देखकर शरीब पी और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। माना जा रहा है कि हत्या को अंजाम देने में कई लोग शामिल हो सकते हैं।
इनेसट
फील्ड यूनिट ने इकट्ठा किए साक्ष्य
नियामताबाद (ब्यूरो) गोधना चौराहे के समीप रविवार को शव मिलने की सूचना के पुलिस ने फील्ड यूनिट भी मौके पर बुलाया। इसके बाद यूनिट के सदस्यों ने घटना स्थल से छोटे- छोटे साक्ष्यों को एकत्र करके घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी रही।