कमलापुर। धीना थाना क्षेत्र के जनौली मोड़ पर मंगलवार की भोर पशुओं से भरे कंटेनर ने गिट्टी लदे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे कंटेनर में ले जाए जा रहे पशुओं में एक गाय की मौत हो गई वहीं चार बैल घायल हो गए। मरी गाय, घायल बैलों व कंटेनर को घटनास्थल पर ही छोड़कर चालक व तस्कर भाग निकले। घायल बैलों का पशु चिकित्सकों ने इलाज किया।
पशुओं से लदा एक कंटेनर भोर में तेजी से जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि भोर का समय होने के कारण कंटेनर के चालक को झपकी आ गई होगी। इसका परिणाम यह हुआ कि कंटेनर ने सड़क पर खड़े गिट्टी लदे ट्रक में पीछे से धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास सो रहे लोगों की नींद खुल गई। पहले तो लोगों को कुछ समझ में नहीं आया। कुछ देर बाद जब वे सड़क पर पहुंचे तो सड़क पर एक गाय चार बैल सड़क पर छटपटा रहे थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस व पशु चिकित्सालय को फोन किया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस कंटेनर को कब्जे में कर थाने ले आई। वहीं पशु अस्पताल से पहुंचे डाक्टरों ने घायल पशुओं का इलाज किया। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में कर चालक व तस्करी के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
दुर्घटना ने पशु तस्करी की खोली पोल
सड़क पर हुई इस दुर्घटना ने जिले में हो रही पशु तस्करी की पोल खोलकर रख दी है। इससे साबित होता है कि वध के लिए जिले से होकर की जा रही पशुओं की तस्करी जारी है। पुलिस कभी-कभार कुछ पशुओं को ले जा रहे तस्करों को पकड़कर खानापूर्ति कर ले रही है।