नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरने गांव स्थित तालाब में शुक्रवार की दोपहर किशोर की डूबने से मौत हो गई। साथियों के साथ तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से यह घटना घटी। किशोर को डूबता देख उसके साथियों की चीख पुकार पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर के मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया है।
गांव निवासी राजेंद्र बिंद का 15 वर्षीय पुत्र भोला बिंद गांव के बाहर के तालाब में अपने साथियों के साथ नहा रहा था। नहाने के दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। साथियों के शोरगुल की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने किशोर को तालाब से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।