नौगढ़ । चकरघट्टा थाना क्षेत्र के जनकपुर माईनर के समीप गुरुवार को बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गये। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें चकिया के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद वाहन चालक अपने वाहन के साथ भाग निकला।
चकरघट्टा थाना के औराहीं गांव निवासी अजय(20) बाइक से अपनी बहन गीता देवी(22) व जीजा बीरेंद्र(24) को उनके घर बरवाडीह गांव मे पहुंचाने के लिए जा रहा था। वे जैसे ही जनकपुर माइनर पर पहुंचा उसी वक्त विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गया जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और चोटिल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घटना के संबंध में 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां पर गीता व बीरेंद्र की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया के लिए रेफर कर दिया। वही अजय को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।