मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात चेकिंग के दौरान ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के गहने, नकदी, नशीला पाउडर आदि बरामद हुआ। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
अधिकारियों के निर्देेेश पर जीआरपी मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही है। मंगलवार की रात सवा दस बजे एसएसआई राजेश कुमार, उपनिरीक्षक बसंत कुमार, जितेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल संतोष यादव, शिवप्रसाद आदि की टीम प्लेटफार्म संख्या 7/8 के पश्चिमी छोर पर जांच कर रही थी। इसी बीच दो संदिग्ध युवक दिखे। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 110 ग्राम नशीला पाउडर, सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की दो लेडिज अंगूठी, दो सोने की चेन, दो सोने की जेंट्स अंगूठी, 2350 रुपये नकद आदि बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम पचई उर्फ दारा निवासी मुहल्ला कांगो जमानियां गाजीपुर और भूटेली निवासी सब्बलपुर नहर पर झोपड़पट्टी जमानिया गाजीपुर बताया। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दोनों के पास से बरामद सामान की कीमत दो लाख 42 हजार रुपये है। दोनों लंबे समय से ट्रेनों में चोरी कर रहे थे।