मुगलसराय। हावड़ा मुगलसराय रूट पर गुरुवार की देर रात दो ट्रेनों में यात्रियों का लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी हो गया। इससे आक्रोशित यात्रियों ने ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर खूब हो हल्ला किया। बाद में आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। जीआरपी ने पीड़ित यात्रियों की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज की। इसके बाद यात्री आगे के लिए रवाना हुए।
हावड़ा से उदयपुर जा रही 12315 अप अनन्या एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-4 में सवार घनश्याम गौतम का बैग उचक्कों ने जसीडीह स्टेशन के समीप चुरा लिया। बैग में 8 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन, कपड़े आदि थे। रात में ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर यात्रियों ने चोरी की शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। निर्धारित समय बाद ट्रेन खुल गई। इससे यात्री नाराज हो गए और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद स्टेशन पर उतर यात्री हो हल्ला करने लगे। ट्रेन रोकने की सूचना के बाद आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। जीआरपी ने चोरी की तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद यात्री आगे के लिए रवाना हुए। इस दौरान ट्रेन आधे घंटे की देरी से आगे के लिए रवाना हुई। इसी तरह सियालदहु से अजमेर जा ही 12987 अप सियालदह अजमेर एक्सप्रेस के कोच संख्या ए-1 के बर्थ संख्या 43- 44 पर उषा देवी परिवार संग यात्रा कर रही थी। ट्रेन गया स्टेशन से आगे बढ़ी थी कि उचक्कों ने महिला का पर्स गायब कर दिया। पर्स में पर्स में हीरे की दो अंगूठी, टप्स, सोने की दो चेन, 15 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन आदि था। सुबह नौ बजे ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर जीआरपी ने तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज की। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दिया गया है।