नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत वार्ड नंबर नौ मुगलचक में आटो स्टैंड के समीप बुधवार की रात दस बजे अनियंत्रित होकर जीप डिवाइडर से टकरा गई। इससे जीप में बैठा अजय चौहान (12) गिर कर नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। अजय अपने चाचा के साथ जीप से पिचकारी लेने के लिए निकला था।
अलीनगर निवासी अजय चौहान होली खेलने के लिए पिचकारी खरीदने के लिए जिद कर रहा था। रात दस बजे उसके चाचा पप्पू पिचकारी दिलाने के अपनी जीप से बाजार के लिए चले। अभी वे आटो स्टैड पर पहुुंचे थे कि सामने स्कूटी सवार आ गया और उससे बचाने के चक्कर में जीप अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से जीप की टक्कर होते ही जीप में सवार अजय उछल कर नीचे गिर गया और अचेत हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। इससे सड़क पर जाम की स्थिति हो गई। मौके पर पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया। परिवार वाले अजय को आनन फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए। यहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।