सकलडीहा। संग्रह विभाग के अमीनों ने बुधवार को स्थानीय कोतवाली में ईंट भट्टा संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ पिस्टल से डराकर कुर्क टैक्टर छीन लिए जाने के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप था कि वसूली अभियान के दौरान बीते 22 दिसंबर को एक कुर्क ट्रैक्टर को खडे़हरा गांव के समीप ईंट भट्टा संचालक व उसके सहयोगियों ने तहसील कर्मियों को पिस्टल सटाकर छीन लिया था।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम आशीष कुमार ने तहसीलदार नुपूर सिंह और नायब तहसीलदार अमित त्रिपाठी को अभियान चलाकर वसूली करने का निर्देश दिया है। इस क्रम में बीते 22 दिसंबर को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में संग्रह विभाग की टीम एक ईंट भट्टा संचालक के यहां रायल्टी का दो लाख 39 हजार 540 रूपया बकाया वसूली के लिये गई थी। उस दौरान बकायेदार का एक ट्रैक्टर कुर्क कर संग्रह विभाग के कर्मचारी तहसील लेकर आ रहे थे। आरोप है कि खडे़हरा गांव के समीप ईट भट्टा संचालक व उसके साथियों ने पिस्टल सटाकर कुर्क ट्रैक्टर छुड़ा लिया था। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि तहसील कर्मियों द्वारा दी गई तहरीर पर अखिलेश सिंह, इलियास और मनोज सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।