चकिया। कोतवाली के सिकंदरपुर गांव के पास पटेल तिराहा पर सोमवार की दोपहर में आटो में ट्रक के धक्के से छिटक कर सड़क पर गिरी महिला रेशमा (40) की उसी ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। महिला सिकंदरपुर गांव की निवासी थी। दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। इस दुर्घटना के एक घंटे पहले महिला का पति इम्तेयाज बबुरी थाना क्षेत्र के गोगहरा गांव के पास वाहन दुर्घटना में घायल हो गया था। महिला उसी को देखने चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में जा रही थी।
पटेल तिराहे पर सोमवार की दोपहर तेज गति से आ रहे ट्रक ने टैंपों को पीछे से टक्कर मार दी। इससे टेंपो पर सवार महिला रेशमा छिटक कर सड़क पर गिर गई तथा ट्रक के नीचे आ गई। इससे कुचलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना के एक घंटा पहले रेशमा का पति इम्तियाज कोतवाली क्षेत्र के पुरूषोत्तमपुर गांव से परिचित के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए वाराणसी विक्रम से जा रहा था। इसी दौरान सिकंदरपुर-कंचनपुर मार्ग पर गोगहरा गांव के पास बस ने विक्रम को पीछे से टक्कर मार दिया। इससे विक्रम सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। जिससे उसका चालक इम्तेयाज (45) तथा उसमें बैठा शिवकुमार (40) घायल हो गए। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर शिवकुमार को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में पति के घायल होने की सूचना पर रेशमा चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय आ रही थी। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से टेंपो को धक्का मार दिया। इसके चलते महिला सड़क पर गिरकर ट्रक के नीचे आ गई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर कोतवाल अश्वनी चतुर्वेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा- एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया। दुर्घटना के दौरान ट्रक का चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में ले लिया।