नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के एनएच पर स्थित गोधना चौराहे के पुलिस पिकेट से मात्र डेढ़ सौ मीटर दूरी पर हौसला बुलंद चोरों ने बुधवार की रात भरत मौर्य की मशीनरी मार्ट की दुकान में सेंध लगाकर 22 हजार नकद और एक छोटी मोटर लेकर फरार हो गए। वहीं बगल में स्थित विकास के दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया तथा राजेश सेठ की गहने की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची अलीनगर थाने की पुलिस पूछताछ के बाद वापस लौट गई।
क्षेत्र के रेमा गांव निवासी भरत मौर्य गोधना चौराहे के पुलिस पिकेट से मात्र डेढ़ सौ मीटर दूर रेमा मोड़ पर मशीनरी पार्ट की दुकान है। बुधवार की शाम वह दुकान बंद करके घर चला गया। गुरुवार की सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा तो वहां का नजारा देख हतप्रभ रह गया। चोरों ने दुकान में नकब लगाकर अंदर से गल्ले को तोड़कर उसमें रखा 22 हजार नकद और एक टुल्लू मशीन चुरा ले गए थे। चोरों द्वारा चोरी करने से पूर्व दुकान में लगे बल्ब को तोड़ने के साथ ही पांच इंच की ईंट की दीवार को तोड़ दिया गया था। इसी दुकान से सटी विकास मौर्य के दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया गया। यहां से एक किलो मीटर की दूरी पर गोधना मोड़ के समीप राजेश सेठ की आभूषण की दुकान को भी निशाना बनाया गया। चोरों ने दुकान में लगे शटर को तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन चोरी करने में असफल रहे। गामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची अलीनगर पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने के बाद लौट गई। क्षेत्राधिकारी सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि अलीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।