चकिया। कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर में शुक्रवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर जुआ खेलते समय दो जाति वर्ग विशेष के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट में होने लगी। दोनो के समर्थक बीच-बचाव में आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस तथा 100 नम्बर की टीम ने मामले को संभाल लिया। पुलिस ने एक पक्ष के दो तथा दूसरे पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। देर रात एडिशनल एसपी विनोद कुमार यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला ने गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शुक्रवार की शाम सिकंदरपुर में दो जाति वर्ग विशेष के बीच पुरानी रंजिश तथा जुआ खेलने के दौरान एक पक्ष के श्लोक यादव और दूसरे पक्ष के अलमीन उर्फ डफाली के बीच कहा सुनी के बाद मारपीट होने लगी। मारपीट होता देख दोनो पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाल अरविंद सिंह सिसौदिया चकिया, बबुरी और इलिया थानों की फोर्स के साथ सिकंदरपुर पहुंच गए और मामले का संभाल लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक पक्ष के श्लोक यादव, कन्हैया यादव तथा दूसरे पक्ष के नईमुद्दीन, गयासुद्दीन, मैनुद्दीन, अलमीन, जैनुद्दीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को आवश्यक कार्यवाही के बाद उनका चालान कर कोर्ट भेज दिया गया।