पीडीडीयू नगर। पटना जाने के लिए ट्रेन न मिलने पर परीक्षार्थियों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुविधा एक्सप्रेस ट्रेन में हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि आरपीएफ और जीआरपी ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया और दूसरे ट्रेन को रवाना कराया।
नई दिल्ली में रेलवे की परीक्षा थी। बिहार से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इसमें शामिल होने गए थे। शनिवार को वे विभिन्न ट्रेनों से परीक्षार्थी स्थानीय स्टेशन पर पहुंचे। दिन में पटना की ओर जाने वाली कोई ट्रेन नहीं थी। इस बीच मुंबई से पटना जा रही डाउन 82356 पटना सुविधा एक्सप्रेस ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर दिन में सवा 11 बजे पहुंची। ट्रेन पहुंचते ही परीक्षार्थी सुविधा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने लगे। एक साथ सैकड़ों परीक्षार्थियों के ट्रेन पर सवार होने पर यात्रियों ने आपत्ति जताई। ट्रेन में जनरल कोच नहीं है। ऐसे में एसी और स्लीपर कोच में परीक्षार्थी घुस गए। यात्रियों ने इसकी शिकायत सुरक्षा बलों से की। इस पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची और परीक्षार्थियों को ट्रेन से नीचे उतारा। आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएन मिश्र, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, सीएसजी अशोक अनिल, डिप्टी एसएस कमर्शियल इंचार्ज एसपी शर्मा आदि पहुंच कर परीक्षार्थियों को समझा बुझाकर शांत कराया और दूसरे ट्रेन से भेजने का आश्वासन दिया। इस पर परीक्षार्थी शांत हुए और ट्रेन डेढ़ घंटे की देरी से आगे के लिए रवाना हुई।