चंदौली। चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की आशंका से पूरे जिले में दस हजार से अधिक लोगों को चिह्नित किया गया है। जिला पुलिस अब तक तक 2900 लोगों को ही पाबंद कर चुकी है। वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने चिह्नित लोगों के सापेक्ष काफी कम लोगों को पाबंद किए जाने पर नाराजगी जताई और थानाध्यक्षों को चेताया है कि हर हाल में सभी को पाबंद कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सकलडीहा सर्किल में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 4207 लोगों को चिह्नित किया है। इसमें 1360 लोगों को पाबंद भी किया जा चुका है। जबकि सदर सीओ द्वारा 3621 के सापेक्ष मात्र 723, चकिया द्वारा 1910 के सापेक्ष 515 तथा नौगढ़ द्वारा 508 के सापेक्ष 325 को पाबंद किया गया है। वहीं थाना प्रभारियों द्वारा चुनाव के मद्देनजर लोगों को पांबद करने में रुचि नहीं लेने से एसपी संतोष सिंह काफी नाराज है। चेतावनी दी है कि चुनाव के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के क्षेत्र में गड़बड़ी मिली तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही एक सप्ताह के अंदर सभी चिह्नितों को पाबंद करने का निर्देश दिया है।