चंदौली। कोतवाली पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान दरवेशपुर गांव के समीप चकिया- भगवान तालाब मार्ग पर पशुओं से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक में 22 मवेशी भरे गए थे जिनमें 15 की मौत हो चुकी थी। मौके का फायदा उठाकर पशु तस्कर भाग निकले। पुलिस ट्रक के चालक व पशुओं को कब्जे में लेकर कर कोतवाली ले आई।
कोतवाल आरके ओझा हमराहियों के साथ चकिया-भगवान तालाब मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें भगवान तालाब की ओर से एक ट्रक आता दिखा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रुकने का इशारा किया तो ट्रक के चालक ने उन्हें कुचलकर भागने का प्रयास किया। किसी प्रकार पुलिसकर्मी ट्रक की चपेट में आने से बचे। इसके बाद कुछ दूर पीछा कर पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोक लिया। ट्रक में सवार तस्कर मौका देखकर भाग निकले। पुलिस ट्रक व उसके चालक को पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने पर ट्रक में ठूंसकर गाय व बैलों को बांधा गया था। इनमें दो गाय व 13 बैलों की मौत हो चुकी थी। जिंदा बचे सात पशुओं को पुलिस ने स्थानीय पशुपालकों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुट गई है।
इलिया संवाददाता के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप पर ले जाई जा रही एक गाय बरामद की। इस दौरान दो पशु तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।