अमरोहा। दावत-ए-वलीमा में शामिल होने जाते वक्त दोस्तों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, वह पीतल मजदूर था। जबकि छह दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देहात थाने के तेलीपुरा-रामहट के बीच हुआ।
मुरादाबाद के मोहल्ला रहमत नगर गली नंबर 4 करूला निवासी व्यक्ति की बेटी की शादी 23 नवंबर की रात तेलीपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। शनिवार को तेलीपुरा में दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम था। दुल्हन के परिवार और मोहल्ले के चुनिंदा लोग वलीमा में शरीक होने के लिए जा रहे थे।
परिजनों के मुताबिक बस तो पहले ही चली गई, लेकिन साईन का तहेरा भाई दानिश सहित सात दोस्तों इनोवा कार से तेलीपुर जा रहे थे। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही कार कैलसा और रामहट के बीच पहुंची। तभी सामने से गन्ने से लदा ट्रैक्टर-ट्राला आ गया।
ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में इनोवा कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इनोवा को मन्नु चला रहा था। हादसे के बाद घायलों में चीखपुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही देहात पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। कार में सवार शब्बू (24) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार दानिश, मन्नु, फारूख, फहीम सहित छह दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही दावत-ए-वलीमा की खुशियां मातम में बदल गई। परिजन चीखते-चिल्लाते घटनास्थल पर पहुंच गए। शब्बू के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देर शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।