दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी कोयला मंडी में मंगलवार की सुबह कोल व्यापारियों की सूचना पर पुलिस ने लगभग 20 टन चोरी का कोयला बरामद किया। चोर एक ट्रैक्टर पर चोरी का कोयला लाद रहे थे। पुलिस को देखते ही चोर वहां से भाग निकले। पुलिस ने कोयला लदी ट्राली सहित ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। चोरी का कोयला लाद रहे चोरों की पुलिस तलाश कर रही है।
कोल व्यापारियों ने बताया कि कुछ कोयला चोर काफी दिनों से मंडी के कई डीपो से कोयला चुराकर एक धर्मकांटा के पीछे की खाली जमीन पर एकत्र कर रहे थे। उन्होंने व्यापारियों का लगभग 20 टन कोयला चुराकर इकट्ठा कर लिया था। वे कोयले को कहीं ले जाकर बेचने की फिराक में ट्रैक्टर पर लाद रहे थे। इसी बीच किसी व्यापारी की नजर उनपर पड़ गई। उन्होंने फोन कर कुछ और व्यापारियों को वहां बुला लिया। व्यापारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंदासी चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देख चोर ट्रैक्टर व कोयला छोड़कर भाग निकले। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि ट्रैक्टर के स्वामी व चोरों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
बैंड की आड़ में हो रही चोरी
व्यापारियों ने बताया कि कोयले के साथ आने वाले पत्थर जिन्हें व्यापारिक भाषा में बैंड कहा जाता है, इसी की आड़ में कोयला चोरी का खेल चल रहा है। इन दिनों बैंड खरीदने वाले कोयला चोरी कराने में लिप्त हैं। । ये बैंड के साथ बोरे में कोयला भी भर लेते हैं। बाद में बैंड व कोयले को अलग कर कोयला बेच देते हैं।