मुगलसराय। नगर स्थित एक होटल के कमरे में बिहार के रोहतास जिला निवासी युवक ने पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह सूचना मिलने बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पड़ताल के दौरान मृतक की पैंट की जेब से मिले एक सूसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें उसने व्यवसाय में हुए घाटे और पारिवारिक कलह को आत्महत्या का कारण बताया है। उसमेें लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को दी। बाद में शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस के अनुसार बिहार के जिला रोहतास अंतर्गत सिकठी गांव निवासी देवव्रत कुुमार सिंह आठ फरवरी को नगर स्थित एक होटल के कमरा संख्या 18 में आकर ठहरा था। बनारस घूमने आने की बात रजिस्टर में दर्ज की थी। होटल संचालक के अनुसार मंगलवार की सुबह वेटर द्वारा दरवाजा खटखटाने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कूड़ा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजे को तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो देखा कि युवक का शव मफलर के सहारे पंखे से लटका हुआ है। शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब से एक सूसाइड नोट बरामद हुआ। उसने लिखा था कि पशु आहार के व्यवसाय में हुए घाटे एवं पारिवारिक कलह से ऊबकर वह आत्महत्या करने जा रहा है और लिखा था कि कि मृत्यु के बाद इसकी सूचना कागज में लिखे मोबाइल नंबर पर उसके परिवार दे दी जाये। सूसाइड नोट में मरने से पूर्व देवव्रत ने अपने दोनों बच्चों लक्की व हैप्पी से इस कृत्य के लिए माफी भी मांगी है।