चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां कस्बा स्थित एक व्यवसायी के गोदाम से चोरों ने चीनी से भरे सौ बोरे पार कर दिए। मंगलवार की सुबह जब व्यवसायी गोदाम पहुंचा तो वहां लगे चैनल गेट का टूटा ताला और गोदाम की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल के बाद पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। पीड़ित ने चोरी गई पचास कुंतल चीनी कीमत एक लाख नब्बे हजार रुपये बताई है।
पुलिस की गश्त के बाद भी चोरों के हौसले काफी बुुलंद हैं। पुलिस को चुनौती देते हुए चोर आए दिन किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे हैं। बलुआ थाना क्षेत्र चहनियां कस्बे में शिवपूजन जायसवाल की किराने की दुकान है। वहीं पास में उन्होंने अपना एक गोदाम बना रखा है। नित्य की भांति शिवपूजन सोमवार की रात में दुकान व गोदाम ताला बंद कर घर चले गए। मंगलवार की सुबह दुुकान पहुंचकर उन्होंने पहले साफ सफाई की। इसके बाद वे गोदाम पहुुंचे तो चैनल गेट पर लगा ताला टूटा देख परेशान हो गए। इसके बाद भीतर जाकर देखा तो बोरे इधर उधर पड़े थे और चीनी से भरे बोरे कम थे। इसके बाद उन्होंने स्टाक बुक से बोरो का मिलान किया तो सौ बोरे गायब मिले। जिसपर उन्होंने इसकी सूचना बलुआ पुलिस को दी। सूचना पाकर गोदाम पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। इसके बाद पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई। पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि सौ बोरो में पचास कुंतल चीनी भरी थी। जिसकी कीमत एक लाख नब्बे हजार रुपये थी। सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।