मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्टेट बैंक की शाखा के समीप से मंगलवार की रात एक युवक को चोरी के 46 मोबाइल सेट के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक पश्चिम बंगाल के मालदा का रहने वाला है और लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों के सामान को चुरा रहा था। बरामद सामान की कीमत दस लाख रुपये बताई गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी लगातार रेलवे स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार को आधी रात के वक्त एसएसआई राजेश कुमार, एसआई डीपी यादव, चंद्रमा पासवान, कांस्टेबल विनोद कुमार चतुर्वेदी, अभिषेक पांडेय आदि चेकिंग अभियान चला रही थी। टीम के सदस्य सर्कुलेटिंग एरिया में एसबीआई शाखा के समीप पहुंचे तो एक संदिग्ध युवक बैग लिए दिखा। उसे पकड़ कर बैग की तलाशी ली गई तो उसमें बड़े पैमाने पर मोबाइल सेट दिखे तो उसे पकड़ कर थाने ले आई। यहां गिनती करने पर विभिन्न कंपनियों के 46 महंगे मोबाइल सेट मिले। पूछताछ में युवक ने अपना नाम नवाब शेख निवासी हरकला टोला करारी चांदपुर थाना कालियाचक, मालदा पंश्चिम बंगाल बताया। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि नवाब शेख लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी कर रहा था। मोबाइल चोरी कर वह कम दाम पर बेच दिया करता था। बताया कि युवक के पास से बरामद माल की कीमत दस लाख रुपये के करीब है। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद नवाब का चालान कर दिया गया।