चकिया। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शनिवार की भोर में क्षेत्र के बनरसियां गांव के एक मकान से छापा मार कर अवैध रूप से चल रहे शराब की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य की शराब, अर्धनिर्मित शराब के साथ उसके उपकरण और एक स्कार्पियो बरामद किया। हालांकि छापेमारी होते ही मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए। किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
सीओ चकिया नीरज सिंह पटेल ने बताया कि कोतवाली पुलिस को बिहार प्रांत के समीप बनरसिया गांव के एक मकान में शराब की फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर एएसपी नक्सल वीरेन्द्र कुमार के निर्देश पर शनिवार की भोर में सवा छह बजे कोतवाल रहमतुल्लाह खान पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंचे और उमाशंकर गौड के मकान में छापा मारा। मकान की तलाशी में 51 पेटी अंग्रेजी शराब (प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की बांबे स्पेशल की 48 शीशी), 45 लीटर केमिकल भरे 13 जरकेन, 38 खाली जरकेन, 180 एमएल वाली 11020 खाली शीशी, 18000 शीशी के ढक्कन, बांबे स्पेशल और ब्लू लाइन कंपनी के 19674 स्टीकर, शराब की तीव्रता नापने वाला मीटर और एक स्कार्पियो बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब व शराब निर्माण करने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। इस मामले में उमाशंकर गौड़ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में एसआई हरिश्चंद्र वर्मा, कांस्टेबल हरिश्चंद्र वर्मा, महेन्द्र दुबे, चंद्रभान सिंह, विजय प्रताप, रमेश कुमार, अजय कुमार विश्वकर्मा, रामआशीष यादव, अभिषेक दुबे रहे।