सकलडीहा। स्थानीय सीएचसी पर शनिवार को गैर प्रांतों से पहुंचे 163 प्रवासी कामगारों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके अलावा 142 अन्य बाहर से पहुंचे कामगारों के स्वास्थ्य की भी दूसरी बार जांच हुई। नए प्रवासी मजदूरों की जांच में बर्थराकला गांव के एक संदिग्ध को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला अस्पताल में जांच के लिए भेज दिया। इस दौरान मजदूरों ने जांच में विलंब होने व भोजन न मिलने को लकर नाराजगी जताई।
कोविड-19 की जांच को लेकर स्वास्थ्य महकमा सचेत हो गया है। गैर प्रांतों से आने वाले प्रवासी मजदूरों के अपने गांवों में पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस क्रम में शनिवार को 168 नए प्रवासी मजदूरों का पहली बार और 142 प्रवासी मजदूरों का दूसरी बार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बर्थराकला गांव के एक युवक को लगातार खांसी आने व शरीर का तापमान अधिक मिलने पर कोरोना का संदिग्ध मानते हुए चिकित्सकों ने जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सीएचसी अधीक्षक डा. योगेंद्र दास ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगातार सर्तकता के साथ प्रवासी मजदूरों की जांच की जा रही है। उन्होंने तहसील प्रशासन से जांच कराने के लिए आने वाले मजदूरों को भोजन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।